10 लाख रंगदारी नहीं दी तो सिर से पांव तक बरसी गोलियां, 22 वर्षीय युवक को 9 गोली मारकर हत्या

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

मधेपुरा जिले के चौसा में अपराधियों ने एक 22 वर्षीय युवक को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि यह वारदात चौसा प्रखंड के एक मुखिया पति सुशील यादव और उनके सहयोगियों ने अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक मृतक युवक वैभव से रंगदारी की मांग की जा रही थी। पैसे नहीं देने पर गुरुवार को अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी मुखिया पति और उसके गुर्गों से विवाद हुआ था। उस समय वैभव की जमकर पिटाई की गई थी और उसका इलाज भी भागलपुर के मेडिकल कॉलेज में ही कराया गया था। लेकिन मामला शांत नहीं हुआ और आज दिनदहाड़े गोलियों की बौछार से उसकी जान ले ली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही चौसा थाना पुलिस भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस हत्या से सनसनी फैल गई है।