न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत संचालित बाल हृदय योजना एक बार फिर जरूरतमंद बच्चों के लिए जीवनरक्षक साबित हुई है। गुरुवार 22 जनवरी को जिला के हृदय रोग से पीड़ित दो मासूम बच्चों को सफल हृदय सर्जरी के लिए गुजरात के अहमदाबाद स्थित प्रतिष्ठित सत्य साईं हृदय अस्पताल भेजा गया।
इस योजना के तहत सदर प्रखंड की मात्र 2 वर्षीय माधुरी कुमारी एवं मरौना प्रखंड के 6 वर्ष 8 माह के आदित्य राज को उनके अभिभावकों के साथ जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा एंबुलेंस के माध्यम से राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना के लिए रवाना किया गया। पटना पहुंचने के पश्चात दोनों बच्चों को हवाई जहाज के माध्यम से अहमदाबाद भेजा जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनकी निःशुल्क हृदय सर्जरी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरबीएसके के अंतर्गत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें उच्चस्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा निःशुल्क मिल रही है, जिससे उनके जीवन को नया अवसर मिल रहा है।
बच्चों को रवाना करते समय जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से उनके सफल इलाज और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। अभिभावकों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के बिना उनके बच्चों का इलाज संभव नहीं हो पाता।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से जिले में लगातार बच्चों की स्वास्थ्य जांच, समय पर पहचान और बेहतर उपचार की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में कई मासूम जिंदगियों को नई राह देने का काम करेगा।
































