रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी सचिन कुमार से मिले जदयू के पूर्व महानगर अध्यक्ष सुड्डू साई, दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
रणजी ट्रॉफी में भागलपुर का प्रतिनिधित्व कर चुके पटेलनगर निवासी उभरते क्रिकेट खिलाड़ी सचिन कुमार ने रविवार को जनता दल यूनाइटेड के पूर्व महानगर अध्यक्ष सुड्डू साई से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर सुड्डू साई ने सचिन कुमार को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुलाकात के दौरान सुड्डू साई ने कहा कि भागलपुर के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और सहयोग देने की। उन्होंने आश्वस्त किया कि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित मंच मिल सके।
वहीं, सचिन कुमार ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से लक्ष्य पर केंद्रित रहकर अभ्यास करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की। सचिन ने कहा कि समाज और वरिष्ठों का मार्गदर्शन खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देता है और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में मदद करता है।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जहां खेल और युवाओं के भविष्य को लेकर सकारात्मक संवाद देखने को मिला।