न्यूज स्कैन ब्यूरो सुपौल
रेल संघर्ष समिति के संयोजक पवन कुमार अग्रवाल ने सांसद दिलेश्वर कामैत को पत्र लिखकर जिले के ललितग्राम स्टेशन पर वाशिंग पिट व अन्य परिचालन संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण सहित ट्रेनों के विस्तारीकरण की ओर ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने कहा है कि जिले की जनता की ओर से आपका कोटि कोटि आभार व्यक्त करते है। आपके कुशल नेतृत्व में सुपौल को पुणे की दैनिक ट्रेन की सौगात मिली। इसके साथ ही सहरसा अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस (14603/4) का भी सुपौल होकर नरपतगंज तक स्थाई विस्तार किया गया, लेकिन इस क्षेत्र के विकास को और अधिक गति देने के लिए जिले में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और रेल यातायात को मजबूत करना अत्यंत ही आवश्यक है, जो आपके पहल से ही सम्भव हो पाएगा। ताकि सुपौल का विकास भी देश के अन्य क्षेत्रों के विकास के समानांतर हो सकें। इसके लिए हमलोगों की कुछ निम्न मांगे है इसमें सुपौल संसदीय क्षेत्र के ललितग्राम स्टेशन पर अत्याधुनिक वाशिंग पिट सहित अन्य परिचालन संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण करवाया जाए। इस स्टेशन से कई ट्रेनों का संचालन हो रहा है, लेकिन वाशिंग पिट नहीं होने के कारण मजबूरन ट्रेनों का प्राथमिक रखरखाव सहरसा में करना पड़ता है। वाशिंग पिट बनने से नई ट्रेनों के परिचालन का मार्ग खुलेगा और रेलवे की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इसके लिए रेलवे के पास ललितग्राम में 70 एकड़ से ज्यादा खाली भूमि उपलब्ध है। सहरसा-पटना राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12567/68) का ललितग्राम तक स्थायी विस्तार करते हुए इसे एक ही नंबर के साथ नियमित रूप से ललितग्राम–पटना के बीच संचालित किया जाए। विगत कई महीनों से यह स्पेशल ट्रेन (05569/70) के रूप में ललितग्राम तक विस्तार होकर चलाई जा रही है, जिससे सुपौल जिले की बड़ी आबादी लाभान्वित हो रही है। सहरसा-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस (12553/54) का स्थायी विस्तार ललितग्राम तक किया जाए, ताकि इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी नई दिल्ली के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकें।वर्तमान में यह स्पेशल ट्रेन ( 05514/13, 05516/15 ) के रूप में ललितग्राम तक विस्तार होकर चलाई जा रही है। उपरोक्त मांगों पर पहल करते हुए इसे अतिशीघ्र पूरा करवाया जाय, जिससे जिले के आमजन सहित बड़ी व्यवसाई वर्ग को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके।

























