न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के एनएच-106 पर केएन डिग्री कॉलेज के समीप बुधवार शाम करीब साढ़े पांचे बजे एक तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़त हो गयी। इस हादसे में देवीपुर पंचायत के वार्ड 5 के वार्ड सदस्य के पति ब्रह्मदेव राम की मौत हो गई जबकि सिमराही निवासी संतोष पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को ग्रामीणों के सहयोग से राघोपुर रेफरल अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय ब्रह्मदेव राम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। संतोष पांडेय की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
मृतक ब्रह्मदेव राम देवीपुर पंचायत वार्ड 5 के वार्ड सदस्य के पति थे। दूसरे घायल संतोष पांडेय (44 वर्ष) सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या 2 निवासी चंदशेखर पांडेय के पुत्र हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब संतोष पांडेय गणपतगंज की ओर से बाइक से सिमराही जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार गलत दिशा में आकर बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
































