बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत राजकीयकृत बालिका विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन

न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बुधवार को राजकीयकृत बालिका विद्यालय में बालिकाओं के बीच शैक्षणिक,शारीरिक यथा कबड्डी, म्यूजिकल चेयर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रार्थना व स्वागत गीत से हुई। इसके बाद छात्राओं ने बाल अधिकार, शिक्षा के महत्व, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े मनमोहक प्रस्तुतियां दी।कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में खेल भावना,आत्मविश्वास,टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।
प्रतियोगिता में विद्यालय की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कविता कुमारी ने बच्चों को उनके अधिकार, सुरक्षा, स्वस्थ और भविष्य निर्माण से सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए विश्व बाल दिवस का महत्व बताया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता टीम को खेल कीट यथा बैडमिंटन, फुटबॉल आदि देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागी बालिकाओं को प्रेरित करने हेतु बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं लोगो युक्त टी शर्ट एवं टोपी देकर सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, जेंडर विशेषज्ञ, वन स्टॉप के कर्मी एवं स्कूल के बालिका शिक्षक एवं शिक्षिका मौजूद रहे।