- सुपौल की धरती राजनीतिक पल का बनेगा गवहा
- मंगलवार को राहुल गांधी, प्रियंका , तेजस्वी , दीपांकर ,मुकेश सहनी का वोटर अधिकार यात्रा ,
- महागठबंधन नेताओं ने ऐतिहासिक बनाने के लिए झोंकी ताकत
न्यूज स्कैन ब्यूरो सुपौल
कोसी की धरती मंगलवार को एक ऐतिहासिक राजनीतिक पल का गवहा बनेगा। वोटर अधिकार यात्रा के तहत महागठबंधन के शीर्ष नेता सुपौल पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। जगह-जगह तोरणद्वार, रंग-बिरंगे बैनर और पोस्टर लगाकर कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं के स्वागत की पूरी तैयारी कर ली है। इस यात्रा की शुरुआत हुसैन चौक से होगी। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस की महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, भाकपा-माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत महागठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। एक ही मंच पर इन नेताओं के आने को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
प्रियंका गांधी का पहला दौरा
कोसी क्षेत्र की धरती पर यह पहला अवसर होगा जब प्रियंका गांधी वाड्रा का आगमन हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ महागठबंधन के अन्य दलों के समर्थक भी इसे एक ऐतिहासिक मौका मान रहे हैं। उनके आगमन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रियंका गांधी का यह दौरा महागठबंधन को नई ऊर्जा और मजबूती देगा।
सजावट ने बदला शहर का रंग-रूप
सुपौल शहर इस यात्रा के कारण पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया है गली-चौराहों से लेकर मुख्य मार्गों तक हर जगह बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर टंगे हुए हैं। नेताओं की तस्वीरों से पटी दीवारें चुनावी माहौल की झलक दे रही हैं विभिन्न चौक-चौराहों पर तोरणद्वार बनाए गए हैं, जो शहर के हर आने-जाने वाले का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी मानते हैं कि लंबे समय बाद सुपौल में ऐसा माहौल देखने को मिल रहा है। अतिथि गृह जाने वाली सड़क को गेट, पोस्टर से पाट दिया गया है।
मजदूरों को मिला काम
दिलचस्प बात यह है कि इस राजनीतिक आयोजन से दैनिक मजदूरों के चेहरे पर भी खुशी देखने को मिल रही है। सोमवार की सुबह महावीर चौक पर खड़े कुछ मजदूरों ने बताया कि इस यात्रा की वजह से उन्हें लगातार काम मिल रहा है. बैनर, पोस्टर और तोरणद्वार लगाने का काम आसानी से उपलब्ध हो रहा है। एक मजदूर ने मुस्कुराते हुए कहा, काश नेताओं के ऐसे कार्यक्रम बार-बार हों, तो हमें भी रोजगार की दिक्कत कम होगी।
उत्साह और उमंग
महागठबंधन के सभी बड़े नेताओं के एक साथ आने को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। जगह-जगह लोग जुटकर स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। कई इलाकों में महिलाओं और युवाओं ने अपने-अपने अंदाज में स्वागत की योजना बनाई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह सिर्फ एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि जनता को उनके अधिकार दिलाने का संकल्प है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुपौल की इस यात्रा से महागठबंधन अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। खासकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, जबकि तेजस्वी यादव और अन्य नेताओं की मौजूदगी से महागठबंधन की एकजुटता का संदेश जनता तक जाएगा।
प्रशासन ने कसी कमर
इतनी बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं के जुटान को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त की गई है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
जाम से कराह रहा शहर
वोटर अधिकार यात्रा को लेकर बाहर से आने वाले लोगों का सिलसिला निरंतर जारी है। सोमवार को शहर में अचानक वाहनों की संख्या अधिक हो जाने के कारण शहर के महावीर चौक, स्टेशन चौक, लोहिया नगर चौक पर जाम की समस्या दिन भर बनी रही. जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि इस दौरान पुलिस प्रशासन जाम को हटाते दिखे। लगभग चार किलोमीटर यात्रा होगी। कांग्रेस, राजद , वामदल ,वीआईपी सहित अन्य दलों के नेताओं ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।