प्रथम चरण का चुनाव प्रशिक्षण जारी, दो पालियों में दिया जा रहा है प्रशिक्षण
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के गूढ़ सीख रहे हैं कर्मी
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले में विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए बड़ी संख्या में मतदानकर्मियों को दक्ष बनाया जा रहा है।सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय( विलियम्स स्कूल) में प्रथम चरण के प्रशिक्षण के दूसरे दिन गुरुवार को पहली पाली में 640 और दूसरी पाली में भी 640 पीठासीन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में शामिल पीठासीन पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने कहा कि चुनाव में पीठासीन पदाधिकारियो की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी चुनाव प्रक्रिया का सबसे अहम हिस्सा होते हैं। पीठासीन पदाधिकारी पूरी वोटिंग प्रक्रिया की निगरानी करते हैं। उनका काम यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव समान, निष्पक्ष और सुचारू रूप से हो सके। इस सबमें सबसे महत्वपूर्ण है टीम वर्क। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रशिक्षण के बाद उम्मीद है आप सब पहले से अधिक दक्ष होंगे। इसलिए प्रशिक्षण में चुनाव से जुड़ी सभी बारीकियों को जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सावन कुमार ने पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी, द्वितीय मतदानकर्मियों और माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया गया है। चुनाव प्रशिक्षण का लगातार निगरानी किया जा रहा है। चुनाव के दौरान मतदान कर्मियों को कोई परेशानी न हो इसलिए बेहतर ढंग से प्रशिक्षण लेना जरूरी है।


























