प्रशांत किशोर के निशाने पर राहुल गांधी, कहा-उम्र के 55 साल में एक भी रात बिहार में नहीं बिताने वाले राहुल गांधी का बयान हास्यास्पद

अररिया। जिले के पलासी प्रखंड के डाक बंगला मैदान में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार की संध्या एक जन सभा को सम्बोधित किया। प्रशांत किशोर ने अपने अंदाज में जन समूह को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस,बीजेपी आरजेडी और जेडीयू पर हमला किया। उसके निशाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी रहे। उन्होंने राहुल गांधी के बिहार को कैपिटल ऑफ क्राइम कहे जाने पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी।

प्रशांत किशोर ने कहा कि राहुल गांधी बिहार के विषय में क्या कहते हैं ,इसका कोई महत्व नहीं है। जब राहुल गांधी लालू और नीतीश के साथ लम्बे समय तक मंच साझा किया था तो उन्हें बिहार में अपराध नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी लालू यादव को पंद्रह साल तक समर्थन देकर जंगलराज वाली सरकार चलवायी तो उस समय बिहार में क्राइम था या नहीं। इसी नीतीश कुमार के साथ राहुल गांधी बैठकर इंडिया गठबंधन बनाए थे तो उस समय बिहार में क्राइम नहीं दिख रहा था। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने 55 साल के काल में एक रात भी बिहार में नहीं बिताया है और जो व्यक्ति एक रात भी बिहार में नहीं बिताया। वह 13 करोड़ के भविष्य की बात करे तो हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि लालू के डर से भाजपा और भाजपा के डर से लालू प्रसाद को जनता वोट करते आई है और जनता के बीच इन दोनों के अलावा जन सुराज विकल्प बन चुका है, जिसे जनता देख रही है।