- भागलपुर में जदयू सांसद और विधायक आमने-सामने, गंभीर आरोपों से बढ़ा सियासी तनाव
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर की राजनीति में इन दिनों जदयू के दो दिग्गज नेताओं के बीच चल रहा विवाद खुली जंग का रूप ले चुका है। जदयू सांसद अजय मंडल और गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल के बीच तनातनी अब व्यक्तिगत हमलों और गंभीर आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई है।
चार दिन पहले विधायक गोपाल मंडल ने सांसद अजय मंडल और पार्टी की प्रदेश महासचिव पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके जवाब में सांसद अजय मंडल ने घोंघा थाना में विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
लेकिन मामला थमने के बजाय और भड़क गया है। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक गोपाल मंडल ने फिर से सांसद अजय मंडल पर गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सांसद एचआईवी पॉजिटिव हैं और उन्हें संसद जाने से रोका जाना चाहिए। यही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अजय मंडल का पुराने आपराधिक मामलों से संबंध रहा है और उन्होंने कई हत्याएं खुद अंजाम दी हैं।
इन बयानों से जदयू के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है और पार्टी के अंदर गुटबाज़ी के संकेत और स्पष्ट हो रहे हैं। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह विवाद आने वाले समय में न केवल स्थानीय सियासत बल्कि पार्टी के प्रदेश स्तर पर भी असर डाल सकता है।