कार से गांजा और अवैध हथियार बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

मोहनिया अनुमंडल के कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। संध्या गश्ती के दौरान वाहन जांच में एक ब्रेज़ा कार से 1.027 किलो गांजा, एक अवैध कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर वाहन को ज़ब्त कर लिया है।

खबर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने लालापुर के पास जांच अभियान के दौरान ब्रेजा कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से गांजा, अवैध हथियार और कारतूस मिले। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अश्विनी कुमार, पिता प्रभु नारायण सिंह, निवासी सिसवार गांव (कुदरा थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि वाहन चालक ही कार का मालिक है।

मोहनिया एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले की जानकारी दी और कहा कि तस्करी व अवैध हथियार के मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।