सुपौल: कॉरपोरेट होटल पर छापेमारी, 6.25 लाख नकद समेत 10 संदिग्ध गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो,सुपौल

सदर थाना क्षेत्र के लोहियानगर चौक स्थित एक कॉरपोरेट होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान होटल में जुआ ,शराब सहित अन्य अवैध गतिविधियां संचालित होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 6 लाख 25 हजार 452 रुपये नकद बरामद किए और 10 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। दिनांक 2 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक सरथ आर एस के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने लोहिया चौक स्थित कॉरपोरेट होटल में दबिश दी, जहां जुआ ,शराब खेलते हुए कई लोग पकड़े गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नकदी के अलावा 12 मोबाइल फोन, 21 एटीएम कार्ड, 14 सेट लायसेंस
प्लेइंग कार्ड, सिगरेट के कई पैकेट, तंबाकू व अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की। वहीं, संदिग्धों के निशानदेही पर 2 कार, 2 मोटरसाइकिल और 7 आरसी को विधिवत जब्त कर सुपौल थाना लाया गया।पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद सभी के विरुद्ध सुपौल थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।