चोरी के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस पर पथराव, थानाध्यक्ष समेत तीन जवान घायल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, समस्तीपुर
बिहार के समस्तीपुर जिले में बुधवार रात कानून व्यवस्था की एक बड़ी चुनौती सामने आई जब चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने गई विभूतिपुर पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने अचानक पथराव कर दिया। इस हमले में थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। साथ ही, महिला पुलिसकर्मी नीतू कुमारी और एएसआई सत्येंद्र कुमार को भी गंभीर चोटें आईं हैं।
घायलों का उपचार प्राथमिक रूप से विभूतिपुर सीएचसी में कराया गया, जहां से एएसआई सत्येंद्र कुमार को हालत गंभीर होने के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटनास्थल पर पुलिस तैनात, दो उपद्रवी हिरासत में
पथराव की जानकारी मिलते ही रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

सीसीटीवी में कैद हुई थी चोरी की वारदात
घटना का संबंध 22 जुलाई को कल्याणपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 8 में हुई चोरी से है। विकास कुमार नामक युवक के बंद घर से कीमती सामान चोरी कर लिया गया था, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बुधवार देर रात आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी, तभी छतों से ईंट-पत्थर फेंक कर हमला किया गया। सूत्रों का दावा है कि मौके पर फायरिंग भी हुई थी, लेकिन पुलिस ने इस दावे से इनकार किया है।