निलांबुज कुमार झा, भागलपुर
बरारी थाना क्षेत्र के टीएनबी लॉ कॉलेज गली में बार एसोसिएशन के सदस्य एवं भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव पर हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान कर छापेमारी अभियान चलाया और तीनों आरोपियों को धर-दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज तांती, अशोक तांती (दोनों पिता स्व. महेश तांती) और मिथुन यादव (पिता रघु यादव) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी सुरखीकल भठ्ठा रोड, बड़ी खंजरपुर, थाना बरारी के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, सूरज तांती और अशोक तांती पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सूरज तांती पर बरारी थाना में कांड सं. 835/21, 1128/22, 941/23 दर्ज हैं, जबकि अशोक तांती पर तिलकामांझी थाना में कांड सं. 525/22 दर्ज है।
गिरफ्तारी अभियान डीएसपी नगर-01 के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल, परि. पु. अ.नि. शुभम तिवारी, परि. पु. अ.नि. पुष्प राज, एएलटीएफ प्रभारी पारश दास तथा सशस्त्र बल बरारी थाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है।














