PMEGP की प्रगति को लेकर भागलपुर में बैंकर्स रिव्यू मीटिंग आयोजित, स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बैंकों से त्वरित निपटारे की अपील

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को स्थानीय होटल गैलेक्सी–16 में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के तत्वावधान में बैंकर्स रिव्यू मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र (DIC), भागलपुर की महाप्रबंधक खुशबू कुमारी ने की।
बैठक में वर्ष 2025 के दौरान PMEGP के अंतर्गत बैंकों द्वारा की गई प्रगति की बैंक-वार समीक्षा की गई। इस दौरान स्वीकृत इकाइयों के भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) की स्थिति, बैंकों द्वारा संदर्भित (रिफर्ड बैक) मामलों की समीक्षा कर उनमें आवश्यक सुधार कर पुनः प्रक्रिया में लाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में योजना के अंतर्गत उद्यम विकास कार्यक्रम (EDP) प्रशिक्षण तथा ऋण की दूसरी किस्त (सेकेंड डोज) समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही सफल PMEGP इकाइयों की केस स्टडी साझा की गई, ताकि नए लाभार्थियों को प्रेरणा मिल सके।
बैठक के अंत में PMEGP के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर ओपन हाउस डिस्कशन का आयोजन किया गया, जिसमें बैंकों एवं विभाग के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक खुशबू कुमारी ने बैंकों से अपील की कि वे स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से PMEGP आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) अभिनव बिहारी, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक (DDM) प्रिया कुमारी, KVIC के अधिकारी गोपाल प्रसाद सिंह सहित जिला उद्योग केंद्र के सभी पदाधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।