जमुई में फूटा PK का गुस्सा, कहा- नेताओं को रील बनाने की चिंता, बिहार के युवाओं को नौकरी की

  • जमुई बदलाव सभा में प्रशांत किशोर का मोदी-तेजस्वी पर हमला, संजय जायसवाल पर कसा तंज

न्यूज स्कैन ब्यूरो, जमुई

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर मंगलवार को बिहार बदलाव सभा को संबोधित करने जमुई पहुंचे। श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित जनसभा में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तेजस्वी यादव और संजय जायसवाल को निशाने पर लिया।

पीएम मोदी के मां को गाली देने के विवाद पर उन्होंने कहा कि “राहुल और तेजस्वी आएंगे तो मोदी जी को गाली देंगे, मोदी जी आएंगे तो लालू-राहुल-तेजस्वी को गाली देंगे। लेकिन कोई रोजगार और पलायन की बात नहीं करेगा। बिहार के बच्चों को पूरे देश में गाली और थप्पड़ मिल रहा है, इस बार बिहार इसकी बात करेगा।”

भाजपा नेता संजय जायसवाल पर तीखा तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “जब गीदड़ की मौत आती है तो वह शहर की ओर भागता है। जब संजय जायसवाल जैसे लोगों का बुरा दिन आता है, तब वे हमारे जैसे लोगों से उलझने की कोशिश करते हैं।”

सभा में उन्होंने तेजस्वी यादव को भी घेरते हुए कहा कि “जब आप पढ़ाई नहीं करेंगे तो चोरी करना ही पड़ेगा। तेजस्वी नकल करने में माहिर हैं।” साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के नेताओं को जनता की समस्याओं से ज्यादा रील बनाने की चिंता है।

प्रशांत किशोर ने जमुई की जनता से अपील करते हुए कहा कि “यहां से मोदी को एक भी वोट नहीं जाएगा। क्योंकि बिहार से वोट लेकर फैक्ट्री गुजरात में लगाई जाती है और बिहार के युवा मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं।”

उन्होंने सहारा इंडिया पर भी हमला बोला और कहा कि सरकार की नाक के नीचे लोगों का पैसा लूटा गया। जन सुराज की ताकत है कि अब लोग रोजगार, शिक्षा और पलायन की बात करने लगे हैं।