
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
राजधानी पटना से फिर सनसनीखेज खबर सामने आई है। लापता हुए कंकड़बाग निवासी आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के मैनेजर अभिषेक वरुण की लाश एक कुएं से मिली है। घटना के बाद इलाके का माहौल गर्म है। शव की शिनाख्त ह गई है और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या है या हादसा। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर मामले की पड़ताल को आगे बढ़ा रही है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
घटना के बारे में प्राप्त जानकारी के मुताबिक शव की बरामदगी बेऊर इलाके के हसनपुर गांव में एक कुएं से हुई है। अभिषेक कुछ दिनों पूर्व से लापता थे। पुलिस ने अभिषेक की स्कूटी भी इसी कुएं से मिली है। पुलिस को खेत से उनका चप्पल भी मिला है। पुलिस के हाथ जो सीसीटीवी फुटेज लगा है उसमें दिख रहा है कि रविवार रात 10.48 बजे अभिषेक स्कूटी से अकेले जा रहे हैं। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जाहिर की है। जानकारी यह भी मिली है कि आधी रात खुद अभिषेक ने परिजनों को फोन कर दुर्घटनाग्रस्त होने की बात बताई थी। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया था। पिता का कहना है कि यह हत्या है और इसमें किसी परिचित का ही हाथ है। किसी भी पारिवारिक विवाद से उन्होंने इनकार किया है। जानकारी के मुताबिक पत्नी व बच्चों के साथ अभिषेक एक फंक्शन में गए थे। इसके बाद उन्होंने पत्नी और बच्चों को घर भेज दिया और दोस्तों के पास जाने की बात कह वे कहीं और निकल गए। घर पहुंचने के बाद पत्नी ने कॉल किया तो अभिषेक ने जल्द लौट आने की बात कही थी।