मक्खातकिया में मछुआरों के बीच परिधि संस्था का “हकदारी कैंप” आयोजित

  • 150 मछुआरों ने कराया रजिस्ट्रेशन, आधार-लिंक न होने से हुई परेशान

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया
मक्खातकिया में शनिवार को परिधि संस्था द्वारा मछुआरों के लिए “हकदारी कैंप” का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य मछुआरों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें NFDP (नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म) से जोड़ना था, ताकि वे मछुआरों के लिए चल रही विभिन्न सुविधाओं का सीधा लाभ ले सकें।
कैंप का उद्घाटन परिधि के निदेशक उदय कुमार ने किया। उन्होंने कहा, “सरकार हमारे लिए अनेक योजनाएं चलाती है, लेकिन जानकारी के अभाव में हम लाभ से वंचित रह जाते हैं या कई बार ठगी के शिकार बनते हैं। NFDP प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन से पारदर्शिता और सीधा लाभ सुनिश्चित होगा।”
कार्यक्रम में समन्वयक राजीव कुमार, रोहित कुमार, अभिषेक कुमार और मनोज कुमार विशेषज्ञ के रूप में मौजूद रहे। इन्होंने लैपटॉप के माध्यम से आए हुए मछुआरों का ऑन-साइट रजिस्ट्रेशन कराया।
संस्था की ओर से बताया गया कि यह प्रक्रिया परिधि द्वारा पहले से ही चलाई जा रही है, लेकिन आज विशेष रूप से कैंप लगाकर अधिक से अधिक मछुआरों को जोड़ा गया। कैंप में लगभग 150 मछुआरों ने भाग लिया।
रजिस्ट्रेशन के दौरान सबसे बड़ी समस्या आधार कार्ड का मोबाइल नंबर से लिंक न होना सामने आई। कई मछुआरे मोबाइल नंबर के अभाव में OTP सत्यापन नहीं कर सके। इस पर निदेशक उदय ने कहा, “सरकार ने बिना किसी कानून या स्पष्ट प्रावधान के लगभग हर योजना और रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल को अनिवार्य कर दिया है। अब एक मोबाइल नंबर पर सिर्फ एक ही रजिस्ट्रेशन संभव है, यानी हर व्यक्ति को मोबाइल रखना ही होगा।”
परिधि संस्था ने आगे भी ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित करने की घोषणा की है, ताकि मछुआरे अपने हक के प्रति जागरूक हों और सरकारी योजनाओं से लाभ उठा सकें।