न्यूज स्कैन डेस्क, पटना
पटना के पारस अस्पताल में हुई गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बिहार STF और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर इस हत्याकांड में शामिल शूटरों को गिरफ्तार किया है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी कुख्यात शेरू सिंह गिरोह से ताल्लुक रखते हैं। इस गिरोह की गतिविधियों को लेकर पहले से ही बिहार पुलिस सतर्क थी।
बंगाल में कई ठिकानों पर छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंदन मिश्रा मर्डर केस की जांच में जुटी टीम ने शेरू सिंह के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान चंदन की हत्या में शामिल कुछ शूटरों को पकड़ा गया। गिरफ्तार शूटरों की संख्या और पहचान को लेकर फिलहाल पुलिस ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन जांच में तेजी देखी जा रही है।
क्या है मामला?
कुछ दिन पहले पटना के पारस अस्पताल में कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पांच हथियारबंद बदमाश अस्पताल में घुसे और चंदन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। CCTV फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई, जिससे राजधानी में खौफ फैल गया था। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद शेरू सिंह गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई थी।
चंदन और शेरू के बीच पुरानी दुश्मनी थी वजह
ADG मुख्यालय कुंदन कृष्णन पहले ही पुष्टि कर चुके हैं कि इस हत्याकांड के पीछे शेरू सिंह गैंग का हाथ है। पुलिस के मुताबिक, चंदन और शेरू पहले साथ मिलकर आपराधिक वारदात करते थे, लेकिन एक हत्या के मामले में मनमुटाव हो गया। इसी दुश्मनी के चलते शेरू ने जेल में रहते हुए हत्या की साजिश रची।
शेरू सिंह का आपराधिक इतिहास
राजेंद्र केसरी हत्याकांड में दोषी
2017 आरा तनिष्क ज्वेलरी लूट में नाम
एक बार जेल से फरार हो चुका है
फिलहाल पुरुलिया (बंगाल) की जेल में बंद
पूरी साजिश का जल्द होगा पर्दाफाश
ADG कुंदन कृष्णन के अनुसार, हत्या में कुल छह आरोपी शामिल थे। पांच ने अस्पताल में घुसकर हमला किया, जबकि एक बाहर से मदद कर रहा था।
पुलिस ने इनमें से एक आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है। इसके अलावा हथियार और वाहन मुहैया कराने वालों की भी पहचान हो रही है।
पुलिस इन अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी कर रही है।