- गैस सिलेंडर को लेकर भभुआ में हाहाकार, सुबह 4 बजे से लग रही लंबी कतार
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के भभुआ में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर पिछले चार दिनों से अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। इजरायल-ईरान युद्ध को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच भभुआ स्थित नागा बाबा एचपी गैस एजेंसी के गोदाम पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह चार बजे से ही खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी के बाहर पहुंच रहे हैं और घंटों लाइन में खड़े रहकर गैस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी बिनीत सिंह ने बताया कि गैस की किल्लत की चर्चा के कारण लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में कुछ बेंडर गैस सिलेंडर ₹1600 तक में ब्लैक में बेच रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं के लिए खाना बनाना मुश्किल हो गया है।
वहीं उपभोक्ता अभिमन्यु पटेल ने बताया कि उनका गैस सिलेंडर खत्म हो गया है और वे सुबह चार बजे से गोदाम पर लाइन में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अफवाह फैल गई है कि केवल ओटीपी मिलने वालों को ही गैस दिया जा रहा है। “अगर हमें गैस मिल जाए तो एजेंसी मालिक को धन्यवाद देंगे,” उन्होंने कहा।
गोदाम के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई परिवारों का कहना है कि युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई रुकने की अफवाह फैलने से लोग घबराकर ज्यादा सिलेंडर भरवाने पहुंच रहे हैं।
इस पूरे मामले पर एजेंसी मालिक प्रतिक कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि गैस की सप्लाई में थोड़ी कमी जरूर है, लेकिन एजेंसी के पास सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर यह मैसेज वायरल हो गया कि गैस और पेट्रोल जल्द खत्म होने वाले हैं, जिसके कारण लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर भरवाने पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनके पास करीब 60 हजार उपभोक्ता हैं और सभी को गैस उपलब्ध कराया जाएगा। “लोग अनावश्यक भीड़ न लगाएं। बुकिंग के बाद ओटीपी आएगा तो ही सिलेंडर मिलेगा। जिनके पास दो सिलेंडर हैं, वे एक चलाएं और दूसरा बाद में भरवाएं,” उन्होंने अपील की।
एजेंसी मालिक ने यह भी कहा कि सरकारी नियम के अनुसार किसी उपभोक्ता को एक सिलेंडर रिफिल के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग पर ओटीपी मिलता है। उन्होंने लोगों से बेंडरों से गैस लेने से बचने और धैर्य बनाए रखने की अपील की।
इधर जिला प्रशासन को भी गैस की कालाबाजारी और अफवाहों को लेकर शिकायतें मिलने लगी हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रशासन और एजेंसी मिलकर स्थिति को जल्द सामान्य करें ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
































