न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
पटना स्थित ‘संकल्प’ मुख्यमंत्री आवास पर मिथिला के गौरव, पद्मभूषण उदित नारायण झा और युवा उद्यमी एवं भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से
बुधवार को भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को 10वीं बार बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी।
भेंट के दौरान, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के निकट सहयोगी रहे नीतीश जी से, उनके शताब्दी वर्ष की पूर्व संध्या पर, मिथिला के सुप्रसिद्ध जिला सुपौल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का “विश्वविद्यालय” स्थापित करने का आग्रह किया गया। मुख्यमंत्री जी ने इस प्रस्ताव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तत्काल विचार-विमर्श प्रारंभ करने का आश्वासन दिया।
यह प्रस्तावित विश्वविद्यालय आधुनिक नवाचार, अनुसंधान, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस तथा संगीत इन सभी क्षेत्रों में बिहार का प्रमुख केंद्र बनने की क्षमता रखता है। सुपौल की धरती सदैव प्रेरक रही है—यहीं से स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र (पूर्व रेल एवं विदेश मंत्री), स्वर्गीय जगन्नाथ मिश्र (पूर्व मुख्यमंत्री) तथा वर्तमान ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव जैसी विभूतियाँ निकली हैं। सुपौल, प्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा जी और विश्वविख्यात गायक पद्मभूषण उदित नारायण जी की जन्मभूमि भी है।
हमारा विश्वास है कि इस विश्वविद्यालय से कोसी-मिथिला क्षेत्र का कायाकल्प होगा और विशेषतः बेटियों के लिए यह एक नया अवसर-द्वार सिद्ध होगा। उदित नारायण ने कहा कि सुपौल के बच्चों में अद्भुत प्रतिभा है और इस तरह की पहल जिले के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पटना शहर और एयरपोर्ट के विकास की भी सराहना की तथा नीतीश जी के कार्यों को अविस्मरणीय बताया।
मालूम हो कि पूर्व में भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की मांग पर मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से तत्काल कार्रवाई हुई थी और पूरे बैसी गाँव में विद्युत आपूर्ति प्रारंभ हुई थी—यह लोगों के विश्वास का प्रमाण है।

































