धान अधिप्राप्ति की समीक्षा बैठक, 37,285 एमटी लक्ष्य के विरुद्ध 22,924 एमटी खरीद: मिलिंग बाधित होने पर डीएम ने दो दिनों में एफआरके आपूर्ति के दिए निर्देश

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिला टास्कफोर्स की बैठक आयोजित हुई, जिसमें धान अधिप्राप्ति की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि विभाग द्वारा निर्धारित 37,285 मीट्रिक टन लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 22,924.40 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति 4,732 किसानों से की जा चुकी है। इनमें से 4,524 किसानों को कुल 5 करोड़ 29 लाख 66 हजार रुपये का भुगतान भी किया गया है।
अधिप्राप्ति कार्य में संलग्न समितियों द्वारा सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की आपूर्ति के संबंध में जानकारी दी गई कि 15,588.32 मीट्रिक टन के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 3,248 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम को की गई है।
एफआरके की कमी से मिलिंग प्रभावित
बैठक में यह भी बताया गया कि एफआरके (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) की आपूर्ति नहीं होने से धान की मिलिंग एवं सीएमआर की आपूर्ति बाधित हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, Bhagalpur को निर्देश दिया कि सभी मिलों को समानुपातिक रूप से दो दिनों के भीतर एफआरके की आपूर्ति सुनिश्चित करें।
लक्ष्य पूरा करने वाली समितियों को प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि जो समितियां अधिप्राप्ति कार्य का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर चुकी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवंटन एवं समायोजन दिया जाए। इसके लिए जिला सहकारिता पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि पैक्स निर्वाचन कार्य के कारण अधिप्राप्ति प्रभावित हो रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रशासन द्वारा नियुक्त समितियों को नियंत्रण में रखते हुए अधिप्राप्ति कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराया जाए। अतिरिक्त लक्ष्य के संबंध में प्राप्त आवेदनों पर अग्रेतर कार्रवाई हेतु अनुशंसा प्रबंध निदेशक, भागलपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड को भेजी जाएगी।