बांका के तेलढ़िया दुर्गा मंदिर में आस्था का सैलाब: 23 किमी पैदल यात्रा कर पहुंचे भक्त, मां दुर्गा को अर्पित किया गंगा जल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका

जिला के प्रसिद्ध तेलढ़िया दुर्गा मंदिर में आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहां मां दुर्गा को सुल्तानगंज से 23 किलोमीटर जल भरकर पैदल लाया गया गंगा जल अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में भोर से ही भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। सुबह लगभग 6 बजे से जल अर्पण का क्रम शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। अनुमान है कि पूरे दिन में लगभग 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जल अर्पण किया। मंदिर परिसर से लेकर चार किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्त “जय माता दी” और “हर हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए जल अर्पित कर रहे थे।

मंदिर प्रबंधन समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं चिकित्सा शिविर और पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई। रास्ते भर स्वयंसेवी संगठनों ने श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान किया। पुजारियों ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा कर जलाभिषेक कराया।

श्रद्धालुओं का मानना है कि तेलढ़िया दुर्गा मंदिर में जल अर्पण करने से मां दुर्गा हर कष्ट दूर करती हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।