अटल जयंती पर मानवता की मिसाल: सुपौल सदर अस्पताल में भाजपा नेताओं ने मरीजों के बीच बांटे फल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

गुरुवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर सेवा, संवेदना और राष्ट्रभक्ति का संगम देखने को मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल की स्मृति को सेवा कार्य के माध्यम से जीवंत करते हुए सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया।
इस सेवा कार्यक्रम में पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव , मनोज पाठक ,सरोज झा, सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। नेताओं ने मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित कर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पूर्व सांसद विश्वमोहन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार, करुणा और सुशासन की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने कहा कि अटल की जयंती पर हर वर्ष सेवा कार्य किए जाते हैं और इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी सदर अस्पताल के मरीजों के बीच फल वितरण किया गया है।
नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव ने कहा कि अटल जी जैसे महापुरुष सदियों में जन्म लेते हैं। उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा का प्रेरक उदाहरण है। उन्हीं के आदर्शों को आत्मसात करते हुए मरीजों के बीच फल वितरण कर मानवता का संदेश दिया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में पार्टी द्वारा सेवा दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़े होकर सेवा करने का कार्य करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
अटल जयंती पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम से सदर अस्पताल परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा। मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सच्ची श्रद्धांजलि बताया।