- सखिचन्द घाट रोड पर भव्य सजावट, रंगीन रोशनी और निःशुल्क दूध वितरण की व्यवस्था
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
छठ महापर्व के पावन अवसर पर भागलपुर के सखिचन्द घाट रोड, वार्ड संख्या 18 पर ओझा परिवार ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था कर परंपरा को बरकरार रखा। विगत 22 वर्षों से यह परिवार घाट की भव्य सजावट, रंगीन रोशनी और निःशुल्क दूध वितरण की सेवा करता आ रहा है, जो सामाजिक सेवा और लोक परंपरा का प्रतीक बन चुकी है।
ओझा परिवार के वरिष्ठ समाजसेवी राकेश कुमार ओझा ने बताया कि यह प्रेरणा उन्हें उनके माता-पिता और पूर्वजों से मिली, जिन्होंने समाज सेवा और परंपराओं के संरक्षण को अपना जीवन ध्येय बनाया। राकेश कुमार ओझा ने कहा: “छठ महापर्व लोक आस्था और सूर्य उपासना का प्रतीक है। इस अवसर पर समाज के हर वर्ग के लोग एक साथ मिलकर श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बनाते हैं। हमारा प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रकाशमय माहौल में पूजा कर सकें।”
घाट की सजावट इस बार भी रंगीन लाइटों, फूलों और धार्मिक प्रतीकों से की गई है। छठ व्रतियों के लिए निःशुल्क दूध वितरण की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
स्थानीय नागरिकों ने ओझा परिवार की इस निरंतर सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे परिवार ही समाज में लोक परंपरा और सामाजिक एकता के सच्चे संवाहक हैं। ओझा परिवार का यह योगदान न केवल भागलपुर की धार्मिक संस्कृति को गौरवान्वित करता है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
































