सीएसआर के तहत एनटीपीसी कहलगांव के साथ तीन योजनाओं पर एमओयू हस्ताक्षर: डिजिटल लाइब्रेरी, स्कूलों में स्मार्ट क्लास और सीसीटीवी निगरानी चौकियों के लिए 4.39 करोड़ की स्वीकृति

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के अंतर्गत एनटीपीसी कहलगांव द्वारा भागलपुर जिले में तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं एनटीपीसी कहलगांव के मुख्य महाप्रबंधक रविंद्र पटेल के बीच समीक्षा भवन, भागलपुर में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार एवं एनटीपीसी कहलगांव के वरीय प्रबंधक (एचआर–सीएसआर) के. के. सिंह के बीच संबंधित फाइलों की अदला–बदली भी की गई।
समझौते के तहत जिन तीन योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है, उनमें पहली योजना के अंतर्गत भागलपुर डिवीजन लाइब्रेरी को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने हेतु 1 करोड़ 20 लाख 17 हजार 400 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। दूसरी योजना के अंतर्गत जिले के 10 सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय सुविधा एवं स्मार्ट क्लास की स्थापना के लिए 78 लाख 96 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं तीसरी योजना के तहत भागलपुर जिले के प्रमुख स्थलों पर स्थायी सीसीटीवी युक्त निगरानी चौकियों की स्थापना के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
बैठक में संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार शर्मा, एनटीपीसी के अपर महाप्रबंधक (एचआर) भास्कर गुप्ता, एनटीपीसी के कार्यकारी (सीएसआर) मनोरंजन सारंगी, एसोसिएटेड एचआर/एलआर आदित्य कुमार तथा एस. के. जायसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने एनटीपीसी कहलगांव द्वारा सीएसआर के माध्यम से जिले के शैक्षणिक, डिजिटल एवं सुरक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इन योजनाओं से जिले के विद्यार्थियों एवं आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।