नगर पंचायत सिमराही में छह माह से नहीं हुई है सामान्य बोर्ड की बैठक,वार्ड पार्षद में पनप रहा है असंतोष

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर

जिले के नगर पंचायत सिमराही में पिछले छह माह से सामान्य बोर्ड की बैठक नहीं बुलाए जाने को लेकर वार्ड पार्षदों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में नगर पंचायत के 13 वार्ड पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर अविलंब सामान्य बोर्ड की बैठक आहूत करने की मांग की है।
आवेदन में पार्षदों ने उल्लेख किया है कि बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा 48 के तहत प्रत्येक माह कम से कम एक बार सामान्य बोर्ड की बैठक बुलाना अनिवार्य है, लेकिन बीते छह माह से कोई बैठक नहीं हुई है। इससे नगर पंचायत से जुड़े विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और कई आवश्यक योजनाएं लंबित पड़ी हुई हैं। पार्षदों का कहना है कि बैठक के अभाव में न तो विकास प्रस्तावों पर चर्चा हो पा रही है और न ही जनसमस्याओं का समाधान संभव हो पा रहा है। ऐसे में नगर का समुचित विकास बाधित हो रहा है। इस संबंध में स्मृति कुमारी, मो. हैयुम, गोपी कांत झा, गीता देवी, बुदनी देवी, मो. नसीम, उषा देवी, गणेश दास सहित कुल 13 वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से आवेदन सौंपा है। पार्षदों ने आवेदन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी सुपौल एवं नगर विकास विभाग के सचिव को भी भेजी है।
पार्षदों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सामान्य बोर्ड की बैठक बुलाकर नगर पंचायत सिमराही से जुड़े विकास कार्यों को गति दी जाए। बैठक के एजेंडा में ‘अन्यान्य’ विषयों को भी शामिल करने की बात कही गई है।
इस बावत कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने कहा कि बैठक बुलाना मुख्य पार्षद का दायित्व है। मुख्य पार्षद बैठक नहीं बुलाती है तो नियमानुसार वार्ड पार्षद के द्वारा आवेदन देकर बैठक बुलाने का आग्रह किया जा सकता है। पार्षद के आग्रह पर उनके द्वारा मुख्य पार्षद को पत्र भेजकर बैठक बुलाने के लिए आग्रह किया जाएगा। नहीं बुलाने पर विभागीय नियमानुसार आगे की प्रक्रिया की जाएगी।