न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार की राजनीति में अक्सर अपने अलग अंदाज़ से सुर्खियों में रहने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब मदरसा बोर्ड से जुड़े मंत्री जमा ख़ान ने नीतीश कुमार को टोपी पहनानी चाही तो कुछ अलग ही मामला हो गया। नीतीश ने वही टोपी उल्टे उन्हें ही पहना दी। कार्यक्रम में जमा ख़ान जब टोपी लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे तो उन्होंने सम्मान स्वरूप नीतीश कुमार को टोपी पहनाने का प्रयास किया। लेकिन नीतीश कुमार ने हल्की मुस्कान के साथ वह टोपी वापस लेकर स्वयं जमा ख़ान को ही पहना दी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाई।
राजनीतिक हलकों में चर्चा
टोपी पहनाने का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ चर्चाएं हल्की तो कुछ राजनीतिक तौर पर गंभीर। कुछ इसे नीतीश की सहजता और सादगी बता रहे हैं तो कुछ लोग इसमें गंभीर राजनीतिक संकेत भी देख रहे हैं। ज्ञात हो कि जमा ख़ान बिहार सरकार में मंत्री हैं और मदरसा बोर्ड से जुड़े मामलों की देखरेख करते हैं। नीतीश कुमार की सरकार में अल्पसंख्यक समाज से उनका प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में इस तरह की घटना को राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तर पर चर्चा का विषय माना जा रहा है।
ये भी जरूर पढ़ें…

































