- ऊर्जा क्षेत्र में युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को विद्युत भवन, पटना में आयोजित समारोह में बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों के नव चयनित 2390 कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ऊर्जा क्षेत्र राज्य के विकास की रीढ़ है और इसमें कुशल मानव संसाधन की अहम भूमिका है।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह विद्युत भवन एवं ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 2390 नव चयनित कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें भंडार सहायक के 68, पत्राचार लिपिक के 512 तथा टेक्नीशियन के 1810 पदों पर चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने नव नियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
समारोह में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि एवं चंद्रशेखर सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड मनोज कुमार सिंह, बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार तथा बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां नव नियुक्त कर्मियों ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
































