नितिन नवीन के स्वागत को लेकर कैमूर भाजपा में जोश, पटना रवाना होने की तैयारी तेज, राजद छोड़ भाजपा में शामिल हुए देव लाल पासवान

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पहले पटना आगमन को लेकर कैमूर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले भर में संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पटना पहुंचने की तैयारी में जुट गए हैं।
इस संबंध में कैमूर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे ने बताया कि आगामी 23 दिसंबर को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कैमूर जिले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके लिए मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाया जा रहा है और कार्यकर्ताओं के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त होगी तथा बिहार में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और 23 दिसंबर का कार्यक्रम पूरे बिहार के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान ओमप्रकाश पांडे ने यह भी जानकारी दी कि राजद छोड़कर भाजपा में शामिल हुए देव लाल पासवान की पार्टी में घर वापसी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी में उनका स्वागत है और वे संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।
नितिन नवीन के पहले पटना आगमन को लेकर कैमूर सहित पूरे बिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्सव जैसा माहौल है और इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन पूरी तरह से जुटा हुआ है।