आकांक्षी प्रखंडों में उल्लेखनीय प्रगति, नीति आयोग के सीपीओ ने की सराहना, भागलपुर के सभी पांच आकांक्षी प्रखंडों ने कई सूचकों में हासिल की शत-प्रतिशत उपलब्धि

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिले के पांच आकांक्षी प्रखंड जगदीशपुर, पीरपैंती, सबौर, सन्हौला एवं सुल्तानगंज की प्रगति की समीक्षा एवं अवलोकन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नीति आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त केंद्रीय प्रभारी अधिकारी (CPO) प्रवीण रंजन, निदेशक, वित्त विभाग, भारत सरकार ने की।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पौधा भेंट कर केंद्रीय प्रभारी अधिकारी का भागलपुर की धरती पर स्वागत किया। इसके बाद जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से वर्ष 2023 से अब तक पांचों आकांक्षी प्रखंडों में विभिन्न विभागों के लिए निर्धारित 40 प्रगति सूचकों पर हुई उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा तय किए गए इन 40 सूचकों के आधार पर आकांक्षी प्रखंडों को सामान्य प्रखंड की श्रेणी में लाया जाना है।
प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि भागलपुर जिले के सभी पांच आकांक्षी प्रखंडों ने कई महत्वपूर्ण सूचकों में लगभग शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर ली है। स्वास्थ्य विभाग के लिए निर्धारित सातों सूचक—प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, निम्न जन्म दर, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह नियंत्रण तथा टीबी मामलों में कमी—में लगभग पूर्ण उपलब्धि प्राप्त की गई है।
बताया गया कि वर्ष 2024 में इन प्रखंडों में चलाए गए ‘संपूर्णता अभियान’ के तहत छह प्रमुख सूचकों—प्रसव पूर्व जांच, हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज की स्क्रीनिंग, सॉइल हेल्थ कार्ड, गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषण तथा जीविका—में शत-प्रतिशत संतृप्तता के लिए सभी पांच प्रखंडों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था। भागलपुर देश का एकमात्र जिला है, जहां सभी आकांक्षी प्रखंडों को यह सम्मान प्राप्त हुआ।
पोषण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सफलता मिली है। न्यूट्रिशन से जुड़े सातों पैरामीटर में लगभग शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। अति कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के उद्देश्य से भागलपुर में चलाए गए ‘मिशन-45’ की राज्य एवं केंद्र स्तर पर सराहना की गई है।
इसके अलावा शिक्षा विभाग के 11, कृषि विभाग के पांच, आधारभूत संरचना के पांच तथा सामाजिक विकास से जुड़े पैरामीटर में भी आकांक्षी प्रखंडों ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी प्रवीण रंजन जिले में किए गए कार्यों से काफी संतुष्ट नजर आए और उन्होंने भागलपुर प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने भी मिशन-45 और स्वास्थ्य क्षेत्र में जिले द्वारा किए गए नवाचारों की विस्तृत जानकारी सीपीओ को दी। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अग्रणी बैंक प्रबंधक, डीआरडीए निदेशक, एनईपी निदेशक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, डीपीओ शिक्षा विभाग, डीपीओ आईसीडीएस उपस्थित रहे, जबकि पांचों आकांक्षी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।