NEET 2024 पेपर लीक कांड: मुख्य आरोपी संजीव मुखिया को मिली जमानत, जांच जारी रहने का आदेश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
NEET 2024 परीक्षा पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया को सीबीआई की विशेष अदालत ने जमानत दे दी है। अदालत ने यह फैसला धारा 167 के प्रावधान के तहत लिया, क्योंकि गिरफ्तारी के बाद 90 दिनों के भीतर आरोप पत्र दाखिल नहीं किया जा सका। संजीव मुखिया को बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने पटना के सगुना मोड़ से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे सीबीआई ने चार दिनों की रिमांड पर लिया और मामले की गहन जांच की।

यह पेपर लीक मामला 5 मई 2024 को आयोजित NEET UG परीक्षा से जुड़ा है, जिसमें कई स्थानों पर अनुचित गतिविधियां सामने आई थीं। जांच सीबीआई को सौंपने के बाद अब तक 49 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और विभिन्न आरोप पत्र दायर किए गए हैं। सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि संजीव मुखिया के खिलाफ जांच जारी रहेगी, और मामले में आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।