न्यूज स्कैन ब्यूरो, बरौनी (बेगूसराय)
OTC, बरौनी में 47 बिहार बटालियन एनसीसी भागलपुर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सोमवार को किया गया। शिविर का उद्घाटन कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने विधिवत रूप से किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने कहा कि एनसीसी युवाओं के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है। यह संगठन कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कैडेट्स से शिविर के दौरान दिए जाने वाले प्रत्येक प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और उसका व्यावहारिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कैंप कमांडेंट ने बताया कि शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण एवं फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, कैंप क्राफ्ट, आपदा प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कैडेट्स को न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाएगा, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगा।
जानकारी के अनुसार यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 4 जनवरी से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में गर्ल कैडेट्स शामिल हैं। शिविर को लेकर कैडेट्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
शिविर के दौरान अनुशासन, समयपालन और टीम वर्क पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही सांस्कृतिक एवं प्रेरणात्मक गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स के आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल को भी निखारा जाएगा। आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।




























