एसएम कॉलेज में एनसीसी कैंप का निरीक्षण, ग्रुप कमांडर ने कहा- युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाती है एनसीसी

500 गर्ल कैडेट्स ले रही हैं प्रशिक्षण

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

एस.एम. कॉलेज, भागलपुर में आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी कैंप में मंगलवार को भागलपुर ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण उनियाल ने औचक निरीक्षण किया। 47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर द्वारा आयोजित इस कैंप में जिले और आसपास के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की 500 गर्ल कैडेट्स हिस्सा ले रही हैं।

कैंप स्थल पर पहुंचने पर कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने ग्रुप कमांडर का स्वागत किया, जिसके बाद कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। ब्रिगेडियर अरुण ने प्रशिक्षण क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया और विभिन्न गतिविधियों—ड्रिल, मैप रीडिंग, वेपन ट्रेनिंग, फर्स्ट एड, व्यक्तित्व विकास और समुदाय सेवा—की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने प्रशिक्षकों और कैडेट्स के अनुशासन, समय-पालन और लगन की सराहना करते हुए कहा कि यह सभी एनसीसी की मूल भावना को दर्शाते हैं।

अपने संबोधन में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण उनियाल ने कहा,“एनसीसी केवल अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित नहीं करती, बल्कि युवाओं में राष्ट्रभावना और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करती है।”

उन्होंने कैडेट्स को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने, टीम भावना को विकसित रखने और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रहने की सलाह दी।

ग्रुप कमांडर ने यह भी कहा कि ऐसे कैंप कैडेट्स को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं, जो उनके समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके बाद कैंप कमांडेंट कर्नल राना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम, दैनिक गतिविधियों और भविष्य की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के उपरांत ब्रिगेडियर अरुण उनियाल कैडेट्स के साथ जलपान में शामिल हुए, जिसमें एस.एम. कॉलेज की प्रिंसिपल निशा झा और कॉलेज के कई पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

अंत में ग्रुप कमांडर ने सभी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एनसीसी की आदर्श पंक्ति—“एकता और अनुशासन”—का पालन करने का आह्वान किया।