न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय, सुपौल में कृत्रिम बुद्धिमत्ता में नई उभरते तकनीक विषय पर 5 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक एक राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला को बिहार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा प्रायोजित किया गया है।
यह कार्यशाला कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। संस्थान के प्राचार्य डॉ अच्युतानंद मिश्रा ने बताया कि इसका उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के नवीनतम विकास, तकनीकों और अनुप्रयोगों से अवगत कराना है।
सप्ताह-भर चलने वाली इस कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, तकनीकी सत्र और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर गोपाल कृष्णा ने कहा कि इस कार्यशाला से प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटलीजेंस के क्षेत्र में नवीन शोध, नवाचार और उद्योग-उन्मुख कौशल विकसित करने में सहायता मिलेगी। वहीं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग एआई विभागाध्यक्ष प्रोफेसर कमल राज प्रवीण ने बताया कि यह कार्यशाला राज्य में तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस कार्यशाला का संचालन सीएसई विभाग के प्रोफेसर अभय कुमार तथा प्रोफेसर सुनील कुमार साहू कर रहे हैं तथा विभाग के शिक्षकगण गौरव कुमार, सुनील कुमार सुमन, कुमार अनुकूल, तथा फूल कुमारी एवं छात्र कॉर्डिनेटर की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।































