न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया
बाल भारती विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जहां विद्यार्थियों को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल जगत में उनके अमूल्य योगदान की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रशासक डी. पी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा –“खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और संघर्षशीलता भी सिखाते हैं। मेजर ध्यानचंद का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि मेहनत और समर्पण से हम किसी भी क्षेत्र में असंभव को संभव बना सकते हैं।”
खेल शिक्षक सह एनसीसी ऑफिसर विकास पांडेय ने बच्चों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल फिटनेस और अनुशासन लाते हैं, बल्कि आत्मबल और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। इसके बाद विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक निमाई कुमार ने सभी को खेल भावना की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने शानदार टीमवर्क और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षक बृजेश ठाकुर, वागीश झा और सतीश झा ने बच्चों का हौसला बढ़ाया और उन्हें खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित करने की घोषणा की गई और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।