न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार तथा बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के निर्देश पर किया जाएगा।
इस अवसर पर कक्षा 6 वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए आयोजित विभिन्न गणितीय प्रतियोगिताओं में तृतीय से दशम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अच्युतानंद मिश्रा ने कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि तार्किक सोच, समस्या-समाधान और नवाचार की आधारशिला है। राष्ट्रीय गणित दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि जागृत करना और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना है। श्रीनिवास रामानुजन जैसे महान गणितज्ञ युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।”
कार्यक्रम के दौरान गणित विषय पर व्याख्यान, प्रतियोगिताएँ तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। चयनित छात्रों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इस आयोजन की सफलता हेतु कॉलेज स्तर पर एक आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसमें नंदन कुमार राजू, गोपाल कृष्ण, डॉ. चन्दन कुमार, कमल राज प्रवीण, रवि रंजन एवं अर्जुन कुमार महतो सहित अन्य संकाय सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गणित की उपयोगिता से परिचित कराना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा जिले में शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ करना है।































