न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, भागलपुर के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय भागलपुर, नवगछिया एवं कहलगांव के परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ पूर्वाह्न 10:30 बजे किया गया।
व्यवहार न्यायालय भागलपुर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश भागलपुर धर्मेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में लगभग 23 हजार मामले सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें करीब 17 हजार मामले प्री-लिटिगेशन स्टेज के तथा लगभग 7 हजार मामले पोस्ट-लिटिगेशन स्टेज के हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 1700 प्री-लिटिगेशन एवं 350 पोस्ट-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जा चुका है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि न्यायालयों में लंबित छोटे-छोटे मामलों का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि राजस्व से जुड़े विवादों का निपटारा ग्राम कचहरी स्तर पर ही दोनों पक्षों की सहमति से किया जाए, जिससे न्यायालयों में मामलों की संख्या घटेगी और माननीय न्यायाधीश गंभीर प्रकृति के मामलों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 1700 से अधिक मामलों का त्वरित निष्पादन

































