न्यूज स्कैन ब्यूरो। खगड़िया
बेलदौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में इन दिनों कांग्रेस पार्टी की ओर से शुरच की गई “घर-घर अधिकार” अभियान जोर पकड़ता जा रहा है। इस जन-अभियान के माध्यम से पार्टी का उद्देश्य है कि हर घर तक कांग्रेस का जनघोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) पहुंचे और लोग अपनी समस्याओं अधिकारों और समाधान के प्रति जागरुक हों सके। इस अभियान की कमान बेलदौर में नागेंद्र सिंह त्यागी लगातार क्षेत्र के हर गांव, हर पंचायत और टोले में जाकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं।नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि बेलदौर क्षेत्र की जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। कांग्रेस पार्टी का यह संकल्प है कि हर नागरिक तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन के अधिकार को पहुंचाएँ।

हमारा मेनिफेस्टो सिर्फ एक दस्तावेज नहीं बल्कि जनता से किया गया वादा है। वहीं नागेंद्र सिंह त्यागी ने बेलदौर विधान सभा क्षेत्र के तेलौंछ, बन्नी, बलतारा, पौरा, तेलिहार और माली पंचायत के दर्जनों गांवों में जाकर कांग्रेस के घोषणापत्र को जन-जन तक पहुँचाया है। वे घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर रहे हैं और उन्हें समझा रहे हैं कि कांग्रेस किन योजनाओं और नीतियों के साथ उनके जीवन में बदलाव लाने का प्रयास कर रही है। इस मुहिम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी कई समस्याएँ उजागर किया। जिनमें जलजमाव, बेरोजगारी, खराब सड़कों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी जैसी प्रमुख समस्याएँ शामिल थीं। नागेंद्र सिंह त्यागी ने आश्वासन दिया कि इंडिया गठबंधन सत्ता में आने पर इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करेगी। उन्होंने आगे कहा कि हम केवल चुनावी वादे नहीं करते हैं। हम ज़मीन से जुड़े लोग हैं और जनता के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहेंगे। यह अभियान सिर्फ वोट के लिए नहीं बल्कि जनता को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने की कोशिश है। कांग्रेस की इस “घर-घर अधिकार” मुहिम को युवाओं, महिलाओं और किसानों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। कई स्थानों पर लोगों ने खुद आगे बढ़कर इस अभियान का हिस्सा बनने की इच्छा जताई है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस तरह की सीधी जनसंपर्क पहल से कांग्रेस का जनाधार मजबूत होगा और जनता को सही नेतृत्व का विकल्प मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मुहिम लगातार जारी रहेगा और बेलदौर विधानसभा के सभी पंचायतों में कांग्रेस की यह मुहिम पहुंचाया जाएगा।