न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
विधानसभा चुनाव के बीच जिले में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आचार संहिता के बीच कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के जमुरना गांव में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, जमुरना गांव के दो युवक — मृतक गोलू खरवार (उम्र लगभग 18 वर्ष), पिता टिंकू खरवार, और संदीप यादव, पिता अशोक यादव — शनिवार को गांव के बाहर एक पुलिया पर बैठकर बात कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते-देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संदीप यादव ने गोलू खरवार पर चाकू से हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार, हमलावर ने गोलू की गर्दन के बगल और छाती पर चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे रेफरल अस्पताल रामगढ़ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही गोलू ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
इस मामले पर मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक युवक गोलू खरवार की चाकू मारकर हत्या की गई है। आरोपी संदीप यादव, जो उसी गांव का निवासी है, फरार है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसडीपीओ ने कहा कि हत्या के पीछे किस कारण से विवाद हुआ, यह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
































