मां के दरबार में, श्रद्धा की जोत : मुंगेर के कल्याणपुर में मनी बिहार की सबसे बड़ी दीवाली, जगमगाए 11 लाख दीये

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, मुंगेर
मुंगेर का कल्याणपुर एक बार फिर एेतिहासिक आयोजन का गवाह बना। बड़ी मां कल्याणपुर दुर्गा मंदिर प्रांगण में श्रद्धा की जोत का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार की शाम लाखों श्रद्धालु मां के परिसर में जुटे और 11 लाख दीप जलाए। दीपोत्सव 2025 के आयोजन पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान व केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद ललन सिंह ने भी शुभकामनाएं दी। इस एेताहिसिक मौके पर कमिश्नर अवनीश कुमार, डीएम निखिल धनराज व एसपी इमरान मसूद मौजूद थे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान व केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस एेतिहासिक दीपोत्सव के लिए आयोजन के संयोजक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे को बधाई दी।


डॉ. नीतीश ने आयोजन में शामिल हुए तमाम भक्तों का आभार प्रकट किया और आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह प्रयास सामाजिक सद्भाव व सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा। बिहार की समृद्ध परंपरा को यह निश्चित तौर पर एक नई ऊंचाई देगा। इस आयोजन ने मुंगेर की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। लगातार बड़ी मां कल्याणपुर दुर्गा मंदिर का परिसर बिहार की सबसे बड़ी दीवाली का गवाह बनता रहा है। आयोजन समिति के मुताबिक इस बार 11 लाख दीपों से माता के दरबार को सजाया गया है। यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है।


ज्ञात हो कि ‘बड़ी मां कल्याणपुर’ का यह मंदिर पूरे अंगप्रदेश क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष दीपोत्सव पर यहां लाखों श्रद्धालु जुटते हैं। आयोजन समिति के अनुसार, इस बार भी “हर घर से एक दीप” की परंपरा को निभाते हुए लाखों श्रद्धालु शामिल हुए। इस आयोजन से समाज में एकता, प्रकाश और सकारात्मकता का संदेश फैल रहा है। श्रद्धालुओं से अपील की गई थी कि हर घर से एक दीप माता के दरबार में रहे ताकि समस्त मानव जाति पर कृपा बरसती रहे।

कल्याणपुर में दुर्गा पूरा का आयोजन भी एेतिहासिक होता है। इस मौके पर लगने वाले मेले में देश के नामचीन कलाकारों की प्रस्तुति रहती है।