न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, मुंगेर
मुंगेर जिले के आर.डी. एंड डीजे कॉलेज में एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब नई-नवेली दुल्हन संजना शर्मा अपनी शादी के अगले ही दिन परीक्षा देने कॉलेज पहुंचीं। संजना ने विदाई के बाद सीधे ससुराल जाने के बजाय पहले अपनी एलएलबी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा दी और उसके बाद अपने पति के साथ पटना स्थित ससुराल चली गई, जहाँ शाम को उनका रिसेप्शन था।
शादी के दूसरे दिन परीक्षा, ससुराल पक्ष का पूरा सहयोग
बांका जिले के राजगृह बुद्ध कॉलनी निवासी मनोज कुमार शर्मा की पुत्री संजना की शादी सोमवार को खुसरूपुर, पटना निवासी सत्य प्रकाश शर्मा से धूमधाम से सम्पन्न हुई थी। मंगलवार की सुबह संजना की परीक्षा निर्धारित थी। विदाई के बाद ससुराल रवाना होने से पहले संजना को उनके पति और ससुराल पक्ष परीक्षा दिलवाने मुंगेर लेकर पहुंचे।
परीक्षा देने कॉलेज पहुंची दुल्हन को देखकर शिक्षक भी प्रसन्न नजर आए। परीक्षा पूरी करने के बाद संजना अपने पति के साथ पटना के लिए रवाना हो गईं।
पिता ने जताया खुशी और आभार
संजना के पिता मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि बेटी की शादी सम्पन्न होने के तुरंत बाद अगली सुबह उसकी एलएलबी की परीक्षा थी।
उन्होंने कहा—“हम बहुत खुश हैं कि मेरी बेटी जिस परिवार में गई है, वहाँ उसकी पढ़ाई-लिखाई और इच्छाओं का सम्मान किया गया। ससुराल पक्ष ने पहले उसे परीक्षा दिलवाई, फिर अपने घर ले गए। यह हमारे लिए गर्व की बात है।”
कॉलेज प्राचार्य ने की प्रशंसा
आर.डी. एंड डीजे कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. बिजेंद्र कुमार ने संजना की इस पहल को महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा—“संजना ने यह साबित कर दिया कि महिलाएँ केवल घरेलू जिम्मेदारियाँ ही नहीं निभातीं, बल्कि अपने कैरियर और भविष्य के प्रति भी पूरी तरह समर्पित रहती हैं।”
शिक्षा और कैरियर को लेकर संजना का संकल्प
संजना ने एमए इंग्लिश ऑनर्स करने के बाद एलएलबी में प्रवेश लिया है और फिलहाल चौथे सेमेस्टर की छात्रा हैं। उनके पति सत्य प्रकाश शर्मा सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। संजना की हल्दी 30 नवंबर को, मंडप पूजन 1 दिसंबर को और उसी दिन विवाह सम्पन्न हुआ था।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार की प्रगतिशील सोच को दर्शाती है, बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए प्रेरणा है जो शादी के बाद भी अपने सपनों और पढ़ाई को प्राथमिकता देना चाहती हैं।


































