न्यूज स्कैन ब्यूरो, नई दिल्ली
खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। 18वीं लोकसभा की अवधि के लिए गठित भारत–सिंगापुर संसदीय मैत्री समूह में खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद राजेश वर्मा ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा अपने नेता व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के लिए गर्व और विश्वास का प्रतीक है।
भारत–सिंगापुर संसदीय मैत्री समूह का गठन दोनों देशों की संसदों के बीच सहयोग, संवाद और पारस्परिक समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। यह समूह व्यापार, शिक्षा, तकनीक, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रणनीतिक साझेदारी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श कर द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने का कार्य करेगा।
वरिष्ठ सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गठित इस मैत्री समूह में शामिल होना सांसद के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने विश्वास जताया कि समूह के माध्यम से भारत और सिंगापुर के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित होंगे तथा देश के हितों को मजबूती मिलेगी।
सांसद श्री वर्मा ने कहा कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की आवाज को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
भारत–सिंगापुर संसदीय मैत्री समूह में सांसद राजेश वर्मा का मनोनयन


























