न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से कटिहार जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल कोसी नदी खतरे के निशान से 117 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने जिले के बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
सांसद ने कुरसेला प्रखंड के पत्थल टोला, तीनघरिया, कमलाकान्ही, खेरिया, बालू टोला गांवों का दौरा किया। इसके बाद बाघमारा पुल पर इंजन चलित नाव पर सवार हो कर बाघमारा ,कोसकीपुर ,मेहर मियां टोला आदि गांव का दौरा करते हुए पूर्णिया जिले के कोशकीपुर, सिमरा डुमरी, नंदगोला, सपहा, भोआ परबल और अंझरी पहुंचे, जहाँ उन्होंने बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि अब तक राहत सामग्री सीमित मात्रा में पहुँची है और कई जगह जलजमाव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित है।
पप्पू यादव ने प्रशासन से राहत व पुनर्वास कार्य में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल खाद्यान्न, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराना आवश्यक है। बता दे की कुरसेला प्रखंड के एक दर्जन गांव टापू में तब्दील हो चुकी है जबकि छह विद्यालय में पठन-पाठन बाधित हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत पशुपालकों को चारे को लेकर है ।
सांसद ने आश्वासन दिया कि वे प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे, ताकि त्वरित मदद सुनिश्चित की जा सके।
































