न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल सदर अस्पताल से तीन दिन पहले लापता बच्चा को शुक्रवार देर शाम में बरामद कर लिया गया है। जानकारी देते पुलिस अधीक्षक सारथ आर एस ने बताया कि बरामद बच्चा को सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में रखा गया है। डॉक्टर विनय कुमार ने बताया कि बच्चा स्वस्थ है। बच्चा मिलने से परिजनों में काफी खुशी है। पुलिस प्रशासन को भी सफलता मिली है।
मालूम हो कि सुपौल सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड से बीते बुधवार की दोपहर गायब हुए नवजात शिशु का तीसरे दिन बरामद कर लिया गया है। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। 72 घंटे बीत जाने के बाद पुलिस को कामयाबी हासिल हुई है।
नाराज परिजन शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर में हंगामा किया था और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था।। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन आक्रोशित परिजन ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि शाम तक बच्चे की बरामदगी नहीं हुई तो हंगामा और सड़क जाम करने की चेतावनी दी थी।
मधुबनी जिले के लोकही थाना क्षेत्र के पिपराही वार्ड 13 निवासी देवेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि उनकी पत्नी फूल कुमारी ने 7 दिसंबर को निर्मली अनुमंडल अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के कुछ ही घंटे बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया। उसी दिन एसएनसीयू में बच्चा को भर्ती किया गया था। बच्चे के पिता देवेंद्र मंडल ने बताया कि 10 दिसंबर की दोपहर करीब 2 बजे अस्पताल कर्मियों ने बताया कि बच्चा वार्ड से गायब हो गया है। जिसके बाद लगातार नवजात बच्चा का खोजबीन किया जा रहा था।नवजात के गायब होने के मामले को लेकर देवेंद्र मंडल ने सदर थाना में मामला भी दर्ज कराया था।

































