न्यूज़ स्कैन ब्यूरो | अररिया
फारबिसगंज थाना क्षेत्र के अमहारा कल्वर्ट के नीचे बुधवार को एक लापता मजदूर का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान श्यामदेव दास (उम्र 48 वर्ष), पिता स्व. मिश्रीलाल दास, निवासी चौरा परवाहा, वार्ड 10, फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
शव को सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद मुखिया प्रतिनिधि प्रकाश चौधरी को सूचना दी गई। फारबिसगंज पुलिस और एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह श्यामदेव दास को राजकुमार नामक युवक मजदूरी के लिए मझुआ निवासी लालमोहन विश्वास के घर ले गया था, लेकिन रात में वह वापस नहीं लौटे। मंगलवार को परिजनों ने गुमशुदगी की लिखित शिकायत थाने में दी थी। अमहारा शिव मंदिर के पास साइकिल और चप्पल मिलने के बाद भी डायल 112 को सूचना दी गई थी, पर तब तक मजदूर का कोई पता नहीं चल सका था।
मृतक के पुत्र मुकेश कुमार ने पिता के साथ लूटपाट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



























