न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका
जिला के धनकुंड थाना क्षेत्र के कटहरा गांव में राजनीतिक चर्चा के दौरान आपसी कहासुनी हिंसक रूप ले ली, जिसमें एक नाबालिग के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना 28 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े छह बजे की है। बताया गया कि नाबालिग अपने एक परिजन के साथ गांव के ही एक दुकान पर सामान खरीदने गया था। उसी दौरान दुकान पर कुछ स्थानीय लोग राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे। चर्चा धीरे-धीरे बहस में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच कथित तौर पर कुछ लोगों ने नाबालिग को भी विवाद में घसीट लिया।
शिकायत में उल्लेख है कि बहस के दौरान कुछ व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए नाबालिग के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायल नाबालिग को तत्काल उपचार के लिए धोरैया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, नाबालिग के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही धनकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संबंधित दुकान के आस-पास के लोगों से पूछताछ की है तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में माहौल शांत बताया जा रहा है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके। स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
































