सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन एवं समापन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, सुपौल के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा 28 से 30 जनवरी 2026 तक आयोजित मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का भव्य एवं सफल शुभारंभ किया गया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
प्लेसमेंट ड्राइव की पहली कंपनी के रूप में क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया ने भाग लिया। कंपनी की ओर से मानव संसाधन प्रतिनिधि अंकुश कुमार एवं सुमन कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को कंपनी की कार्यसंस्कृति, गुणवत्ता मानकों, करियर अवसरों एवं चयन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। वहीं दूसरे दिन एम आर एफ टायर एवं हाइली इलेक्ट्रिकल एप्लायंसेज ने मैकेनिकल इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग के छात्र छात्राओं के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया पूरी की.
इन प्लेसमेंट ड्राइव्स में सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखाओं के सत्र 2022–26 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों के तकनीकी ज्ञान को उद्योग की आवश्यकताओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम है और इससे विद्यार्थियों को बेहतर करियर दिशा मिलती है।
इस अवसर पर प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी कमल राज प्रवीण ने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराना है और आने वाले दिनों में कई और प्रतिष्ठित कंपनियाँ प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लेंगी।
वहीं सहायक प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि अभी फ़रवरी में और भी कंपनियों का आवागमन सुनिश्चित है.साथ ही सहायक प्रशिक्षण एवं नियोजन पदाधिकारी मोहम्मद वारिस सेनान ने विद्यार्थियों को चयन प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स प्रकाश कुमार, सुनील कुमार सुमन एवं नंदन कुमार राजू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसके साथ ही स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर्स निशांत वर्मा, आयुषी घोष, रौशनी कुमारी, रूपेश कुमार, सनी कुमार एवं प्रिंस कुमार ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सराहनीय भूमिका निभाई।
माह जनवरी में रिकॉर्ड 46 छात्र छात्राओं का विभिन्न कंपनियों में ऑन कैंपस प्लेसमेंट हुआ है।