न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी नोडल पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यों के निर्देश दिए गए।
बैठक में मतदान केंद्रों की साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मतदान तिथि पर रंगोली बनाकर मतदाताओं का स्वागत करने, मोबाइल चार्जिंग के लिए पर्याप्त सॉकेट लगाने और मतदान केंद्रों के 100 मीटर क्षेत्र की सीमा के लिए लाल झंडी लगाने का निर्देश दिया गया।
सभी पीठासीन पदाधिकारी एवं पोलिंग स्टाफ को प्रशिक्षण के दौरान मॉक कॉल कर मतदान पर्ची गिनती और फॉर्म 17c भरने का अभ्यास कराना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, मतदान का प्रतिशत हर दो घंटे में अपलोड करने और मतदान समाप्त होने पर CU का क्लोज बटन दबाने की जिम्मेदारी सेक्टर पदाधिकारियों की होगी।
इस बार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मॉडल बूथ बनाए जाएंगे, सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वेबकास्टिंग की सुविधा होगी। प्रत्येक केंद्र पर बैनर लगाकर मतदाताओं को सूचित किया जाएगा कि वे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं।
निर्वाचित पदाधिकारी अपनी दैनिक गतिविधियों और क्षेत्र भ्रमण की जानकारी मीडिया कोषांग के माध्यम से प्रकाशित कराएंगे। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भागलपुर में विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा बैठक, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व सुविधाओं के दिए निर्देश
































