न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
समृद्धि यात्रा–2026 के आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा से संबंधित तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा समृद्धि यात्रा का प्रथम चरण 16 जनवरी से प्रारंभ किया गया है, जो पश्चिम चंपारण से शुरू होकर 24 जनवरी को वैशाली जिले में संपन्न होगा। समृद्धि यात्रा के द्वितीय चरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री फरवरी के दूसरे पखवाड़े में भागलपुर पहुंचेंगे।
बैठक के दौरान मुख्यालय से उपलब्ध कराए गए निर्धारित प्रपत्र के आधार पर समृद्धि यात्रा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई। कुल 32 बिंदुओं पर विभागवार प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
इन बिंदुओं में सात निश्चय–2, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, विद्युत शवदाह गृह एवं प्रखंडों में मोक्षधाम का निर्माण, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, प्रखंडों में आदर्श विद्यालय, डिग्री कॉलेज की स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, ग्राम संपर्क योजना, दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन, भूमि विवाद का निपटारा, राशन कार्ड, राजस्व महा अभियान, स्पोर्ट्स क्लब का गठन, अभियंत्रण कॉलेज एवं महिला आईटीआई की स्थापना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं की अद्यतन स्थिति, उपलब्धियां एवं शेष कार्यों की स्पष्ट रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत करें, ताकि समृद्धि यात्रा के दौरान विकास कार्यों की सही तस्वीर प्रस्तुत की जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
































